UP Home Guard Big Change: उत्तर प्रदेश में 41000 से अधिक पदों पर चल रही होमगार्ड प्रक्रिया में बोर्ड की ओर से बड़ा संशोधन जारी किया गया है। जारी किए गए नए संशोधन के अनुसार अब उत्तर प्रदेश की विवाहित, विधवा या तलाकशुदा महिला अभ्यर्थियों को आरक्षण हेतु ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरते समय एक विशेष छूट प्रदान की गई है।
उत्तर प्रदेश में 41424 पदों के लिए होमगार्ड प्रक्रिया गतिमान है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इसी बीच एक बड़ा संशोधन जारी किया है। इस संशोधन के अनुसार उत्तर प्रदेश की रहने वाली विवाहित महिलाएं, तलाकशुदा और विधवा महिला अभ्यर्थियों को आरक्षण के संबंध में बड़ी राहत दी गई है। बोर्ड ने एक संशोधित विज्ञप्ति जारी करते हुए जानकारी दी है कि आरक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन भरते समय महिलाओं के लिए आ रही बड़ी समस्या का समाधान कर दिया गया है।
महिला अभ्यर्थियों को दी गई विशेष छूट
बता दें, बोर्ड की ओर से नया संशोधन करते हुए अब उत्तर प्रदेश की विवाहित, तलाकशुदा और विधवा महिला अभ्यर्थियों को आरक्षण हेतु विशेष छूट दी गई है। अब महिला अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ लेने के लिए आवेदन करते समय पिता पक्ष के जाति प्रमाण पत्र जारी करने वाले जनपद और निवास प्रमाण पत्र जारी करने वाले जनपद की भिन्नता मान्य कर ली गई है। अब यह नया नियम उन महिला अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत देने वाला है, जिनका निवास प्रमाण पत्र विवाह के बाद पति के जिले से जारी हुआ था, लेकिन उन्हें आरक्षण (अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति) का लाभ लेने के लिए अपने पिता पक्ष से जारी जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ रही थी। बोर्ड की ओर से इस दिक्कत को समाप्त कर दिया गया है। आवेदन पत्र में जरूरी संशोधन किया जा चुका है।
दसवीं पास कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
जानकारी के लिए बता दें, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 18 नवंबर 2025 से उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। बोर्ड ने सभी उम्मीदवारों को जानकारी दी है कि होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट और आवेदन करने की प्रक्रिया के संबंध में जारी की गई बोर्ड की विज्ञप्ति आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को नई जानकारी और लेटेस्ट अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाने की सलाह दी जाती है।
14 साल बाद होमगार्ड बनने का मिला मौका
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के पदों के लिए 14 साल बाद नोटिफिकेशन जारी किया गया है। लंबे समय से अभ्यर्थी होमगार्ड नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे थे। 10वीं पास उम्मीदवार होमगार्ड के लिए अप्लाई कर सकते हैं। बता दें, होमगार्ड बनने के नियम बदल गए हैं। अब इसमें कई बड़े बदलाव किए जा चुके हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से चल रही है। ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
होमगार्ड की चयन प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित कराई जाएगी, जो OMR आधारित ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी। इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 100 अंक निर्धारित हैं। हर प्रश्न के चार विकल्प होंगे। उम्मीदवारों को किसी एक विकल्प का चुनाव करना होगा। सभी जानकारी जैसे विषयवार सिलेबस, नेगेटिव मार्किंग की व्यवस्था और सभी महत्वपूर्ण विवरण विस्तृत नोटिफिकेशन में जारी कर दिए गए हैं। रजिस्ट्रेशन से पहले उम्मीदवारों को सभी जानकारी ध्यानपूर्वक चेक कर लेनी चाहिए।





