UP Solar Pump Subsidy Scheme: उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए सरकार कई तरह की सरकारी योजनाएं चला रही है, जिससे करोड़ों किसानों को लाभ मिल रहा है। हाल ही में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के ₹2000 किसानों को भेजे गए हैं। इसके बाद पीएम फसल बीमा योजना का लाभ भी काफी किसानों को सरकार ने दिया है। अब उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए सरकार की ओर से एक और बड़ी सौगात मिल चुकी है। सोलर योजना के अंतर्गत मिलने वाले सोलर पंप पर किसानों को भारी सब्सिडी दी जा रही है। इस सोलर पंप के लिए सरकार की ओर से 60% की सब्सिडी दी जाएगी। इसके लिए आवेदन भी शुरू हो चुके हैं।
सोलर पंप पर भारी सब्सिडी
इस योजना के अंतर्गत आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 26 नवंबर दोपहर 3:00 बजे से आवेदन का लिंक दे दिया गया है। इस योजना के अंतर्गत 40521 सोलर पंपों पर सब्सिडी दी जाएगी। किसानों को 60% तक की सब्सिडी सोलर पंप पर दी जा रही है। इस योजना के अंतर्गत बुकिंग की आखिरी तारीख 15 दिसंबर तक रखी गई है। सब्सिडी वाले सोलर पंप के लिए उत्तर प्रदेश कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriculture.up.gov.in पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। किसानों के लिए यह सुनहरा मौका है और सीमित समय के लिए दिया गया है। किसानों को इस योजना का लाभ तुरंत उठाना चाहिए।
सोलर पंप पर कितनी मिलेगी सब्सिडी
बता दें, सोलर पंप के प्रकार के आधार पर सब्सिडी निर्धारित की गई है। अलग-अलग कीमत रखी गई है, उसी के आधार पर किसानों को सब्सिडी दी जाएगी। अगर किसान 2 हॉर्स पावर का पंप लेते हैं तो इस पंप का निर्धारित मूल 164322 है, जिसमें राज्य सरकार द्वारा 56737 रुपए सब्सिडी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार की ओर से 41856 की सब्सिडी मिलेगी। दोनों को मिलाकर 98593 रुपए की सब्सिडी किसानों को मिलेगी। इसमें किसानों को केवल 6729 रुपए का अंशदान करना होगा। बता दें यह डीसी सरफेस पंप के लिए सब्सिडी है। वहीं एसी सरफेस पंप के लिए भी इतनी ही सब्सिडी मिलेगी।
वहीं दो हॉर्स पावर सबमर्सिबल पंप पर सब्सिडी की बात की जाए तो 167025 रुपए कीमत वाले सबमर्सिबल पर राज्य सरकार द्वारा 58359 रुपए सब्सिडी दी जाएगी, जबकि केंद्र सरकार द्वारा 41856 रुपए सब्सिडी मिलाकर कुल ₹100000 से अधिक सब्सिडी किसानों को मिलेगी। इसी तरह 10 हॉर्स पावर सबमर्सिबल पंप पर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा मिलकर 254983 रुपये की सब्सिडी मिलेगी, जिसकी कीमत 533610 है।
कौन-कौन से सोलर पंप पर मिलेगी सब्सिडी
बता दें, सरकार द्वारा कुल नौ प्रकार के सोलर पंप पर सब्सिडी दी जा रही है जिसमें 2 हॉर्स पावर डीसी सरफेस पंप, 2 हॉर्स पावर एसी सरफेस पंप, 2 हॉर्स पावर सबमर्सिबल पंप, 2 हॉर्स पावर एसी सबमर्सिबल पंप, 3 हॉर्स पावर सबमर्सिबल पंप डीसी, 3 हॉर्स पावर सबमर्सिबल पंप एसी, 5 हॉर्स पावर सबमर्सिबल पंप एसी, 7.5 हॉर्स पावर सबमर्सिबल पंप एसी और 10 हॉर्स पावर सबमर्सिबल पंप के लिए सरकार द्वारा सब्सिडी दी जा रही है। किसान इस योजना का लाभ उठाकर भारी सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं।
सब्सिडी के लिए क्या है जरूरी पात्रता
इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों के पास खुद की बोरिंग होनी चाहिए। अगर वेरिफिकेशन में किसान के पास बोरिंग नहीं पाया जाता है तो किसान के द्वारा जमा की गई टोकन मनी जब्त कर ली जाएगी और आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। बता दें, किसानों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। किसानों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। किसानों को ऑनलाइन बुकिंग करने के लिए ₹5000 की टोकन मनी ऑनलाइन जमा करनी होगी।
सोलर पंप के लिए ऐसे करें बुकिंग
ऑनलाइन बुकिंग करने के लिए सबसे पहले किसानों को उत्तर प्रदेश कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट एग्रीकल्चर डॉट यूपी डॉट gov.in पर जाना होगा। अब यहां होम पेज पर पीएम कुसुम योजना की बुकिंग का विकल्प दिखाई देगा। इस पर क्लिक करें। अब स्क्रीन खुलेगी। अब अपना मोबाइल नंबर डालकर ओटीपी प्राप्त करना होगा। ओटीपी वेरीफाई करने के बाद आगे के लिए पूरा फॉर्म भरकर सबमिट कर देना है। किसानों को ₹5000 की टोकन मनी भी ऑनलाइन जमा करनी होगी। बुकिंग के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज आ जाएगा और उसी निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत पैसा जमा करना होगा। इंडियन बैंक की किसी भी शाखा में जाकर ऑनलाइन पैसा जमा कर सकते हैं।





