UP TGT PGT PRT Notification Update: उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा निदेशालय ने एडेड माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के 23000 से अधिक पद शामिल कर लिए हैं और इन पदों का सत्यापन पूरा हो चुका है। पोर्टल तैयार कर लिया गया है। अधियाचन अपलोड होने के साथ नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 23000 से अधिक पदों की सत्यापन का काम पूरा कर लिया गया है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत 16000 से अधिक सहायक अध्यापकों के पद, जबकि 1500 से अधिक प्रधानाचार्य के पद शामिल किए गए हैं। वहीं 1000 प्रधानाध्यापक और 2700 प्रवक्ता के पद भी रखे गए हैं। वहीं प्राइमरी संबद्ध 1800 से अधिक सहायक अध्यापकों के पद भी सत्यापित किए गए हैं।
पदों का सत्यापन पूरा, अगले चरण की प्रक्रिया शुरू
लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की उत्सुकता बनी हुई थी। अब सत्यापन का पूरा काम हो चुका है और अगले चरण पर तेजी से काम शुरू हो गया है। सत्यापन का काम पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को ऑनलाइन अधियाचन भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। बता दें, आयोग के गठन को लगभग 2 साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन अभी तक आयोग की ओर से नई चयन प्रक्रिया आयोजित नहीं की जा सकी है। इसका मुख्य कारण तकनीकी व्यवस्थाएं भी पूरी न होना है, जिसके कारण विभाग अधियाचन उपलब्ध नहीं कर पा रहे थे। अब पोर्टल तैयार होने के बाद अधियाचन भेजने की रूपरेखा तय कर दी गई है। विभाग द्वारा डाटा भेजते ही आगे की कार्रवाई तेज गति से बढ़ेगी।
ई-अधियाचन पोर्टल तैयार, परीक्षण जारी
एनआईसी लखनऊ द्वारा पोर्टल तैयार किया गया है और यह पोर्टल अब परीक्षण चरण में चल रहा है। आयोग और माध्यमिक शिक्षा विभाग को इसका डेमो सौंप दिया गया है, जिससे इसकी तकनीकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है। प्रारंभिक परीक्षण में कुछ सुधार करने हेतु बिंदु सामने आए हैं, जिन्हें ठीक किया जा रहा है। यह पोर्टल पिछले 1 साल से अधिक समय से बनाया जा रहा था। अब जाकर पोर्टल तैयार हो चुका है, जिससे एडेड माध्यमिक विद्यालयों, बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों, अटल आवासीय विद्यालय, अल्पसंख्यक संस्थान और एडेड महाविद्यालय सहित सभी विभाग इस एकीकृत डिजिटल प्रणाली पर अधियाचन भेज सकेंगे। पोर्टल तैयार होने के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी और शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया पूरी तेज गति से शुरू हो सकेगी। साथ ही गति और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित हो पाएंगी।
कब जारी हो सकता है नोटिफिकेशन
बता दें, सारी तैयारी हो चुकी है। पदों का सत्यापन भी किया जा चुका है। अब पोर्टल परीक्षण स्टेज में चल रहा है। अंतिम परीक्षण होने के बाद विभागों द्वारा अधियाचन भेजे जाएंगे। इसके बाद आयोग द्वारा तुरंत नोटिफिकेशन जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और अभ्यर्थी इसके बाद आवेदन कर सकेंगे। उम्मीद की जा रही है कि आयोग द्वारा जनवरी के शुरुआत में ही नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।





